मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने कहा कि मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय का संचालन जल्दी शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इस काम में मंडल के महाविद्यालयों के प्रबंधन व प्राचार्यों से सहयोग की अपेक्षा की। वे बृहस्पतिवार को भरुहना स्थित जीडी बिनानी पीजी काॅलेज के पद्मा बिनानी सभागार में आयोजित अभिनंदन समारोह के दौरान मंडल के तीनों जिलों के महाविद्यालयों के प्राचार्यों को संबोधित कर रही थीं। कुलपति ने महाविद्यालयों के प्राचार्यों से विश्वविद्यालय के संचालन में सुझाव देने को कहा। ताकि विश्वविद्यालय को अपना काम करने में सुविधा हो। इस दौरान कुलपति प्रो. शोभा गौड़ का अभिनंदन किया गया। इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलसचिव व अपर आयुक्त प्रशासन डाॅ. विश्राम, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डाॅ. ज्ञान प्रकाश वर्मा, मिर्जापुर, भदोही एवं सोनभद्र के महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रबंधक मौजूद रहे। समारोह के बाद कुलसचिव डाॅ. विश्राम ने बताया कि उनकी निगरानी में मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय के भवन निर्माण का काम गुणवत्तापूर्ण तरीके से हो रहा है। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी प्राचार्यों एवं प्रबंधकों से कार्मिक सहयोग के लिए कहा, ताकि 2025-26 से मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय में प्रवेश एवं परीक्षा का काम संपादित किया जा सके।