मिर्जापुर की सर्विलांस टीम ने गुम हुए 32 लाख के 234 मोबाइल को बरामद शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में लोगों को वापस कर दिए। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने महिलाओं को उनका गुम हुआ मोबइल वापस दिए। मोबाइल पाकर लोगों के चेहरे पर मुस्कान छा गई। किसी का चार वर्ष तो किसी का दो महीने पहले मोबाइल खोया था। पुराने फोन को उसी हालत में पाकर महिलाएं खुश नजर आईं। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि एसओजी और सर्विलांस की टीम गुम हुए मोबाइल की छानबीन में जुटी थी। टीम की ओर से तकनीकी विश्लेषण कर तत्परता पूर्वक की गई कार्रवाई के बाद बड़ी बरामदगी कर 234 मोबाइल फोन बरामद किए गए। बताया कि मोबाइल गुम होने पर सबसे पहले पुलिस में शिकायत करें। या प्ले स्टोर से यूपी कॉप ऐप डाउनलोड कर ई-एफआईआर पंजीकृत करें। खोये हुए मोबाइल में लगे सिम को बंद करवा कर, उसी नंबर से नया सिम निकलवाएं। गूगल पर केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर पोर्टल (सीईआईआर) पर जाकर गुम हुए हुए मोबाइल फोन का विवरण, खरीद का बिल और मोबाइल जहां गुम या खोया है, वहां के स्थान का नाम थाना व जनपद और मोबाइल धारक का विवरण भरे। सीईआईआर पोर्टल मोबाइल गुम अथवा चोरी होने पर आईएमईआई को ब्लॉक कर देता है। मोबाइल बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक राजीव कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी आशुतोष सिंह, मुख्य आरक्षी नितिन सिंह, अमित कुमार सिंह, सत्यम सिंह आदि रहे। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को 15 हजार के पुरस्कार से पुरस्कृत किया।