नक्सली गतिविधियों के लिए बदनाम रहे जिले के सुदूर वीरान पथरीले क्षेत्र मड़िहान में मौजूद राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय की इंटर की 40 में से 22 छात्राओं ने नीट में कामयाबी हासिल की है। पांच छात्राओं ने आईआईटी जेईई मेंस तो वहीं 22 ने नर्सिंग परीक्षा में बाजी मारी है।कुछ दिन पूर्व शिक्षकों के विवाद से आश्रम पद्धति विद्यालय चर्चा का विषय बना था पर इस बार बेटियों की अभूतपूर्व सफलता ने फिर से स्कूल को सुर्खियों में ला दिया है। समाज कल्याण अधिकारी त्रिनेत्र सिंह ने बताया कि पूरे प्रदेश से 40 लड़कियां यहां आवासीय विद्यालय में रहकर शिक्षा ग्रहण कर रहीं थी। जिन्हें शिक्षकों का बेहतर मार्गदर्शन और आवश्यक संसाधन मुहैया कराया गया। इससे अन्य बच्चियों को भी जीवन में कुछ करने की प्रेरणा मिलेगी।