मेरठ। सरधना के मेरठ करनाल हाईवे पर रविवार को शामली जाते समय गांव दबथुवा में ग्रामीणों द्वारा केंद्रीय राज्यमंत्री चौधरी जयंत सिंह का स्वागत किया गया। गांववासियों ने पारंपरिक अंदाज में उनका अभिनंदन किया और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की तस्वीर भेंट कर सम्मान व्यक्त किया। इस अवसर पर गांव के युवा कबड्डी खिलाड़ियों ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष मिनी स्टेडियम की मांग रखी। मंत्री जयंत सिंह ने उनकी बात ध्यान से सुनते हुए शीघ्र ही स्टेडियम निर्माण का आश्वासन दिया। केंद्रीय राज्यमंत्री चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों को सुविधाएं देना हमारी प्राथमिकता है। क्षेत्र के विकास में खेलों की बड़ी भूमिका है और हम जल्द ही दबथुवा में मिनी स्टेडियम का कार्य शुरू कराएंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विकास और युवाओं को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। इस दौरान धर्मेंद्र दबथुवा, नरेश चौधरी, पवन चौधरी, अंकित दांतल, शुभम डिग्गल, राजवीर डिग्गल, हरेंद्र सिंह, गोपाल पंघाल मौजूद रहे।