मेरठ के नौचंदी मैदान स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में बकरे की कुर्बानी की सूचना मिलने पर हंगामा खड़ा हो गया। सूचना मिलते ही नरसिंह वाहिनी और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मंदिर परिसर में झूला लगाने वाले कारीगरों द्वारा बकरा काटकर पकाया जा रहा था। इस दौरान मौके पर पहुंचे झूला ठेकेदारों का भी घेराव किया गया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने ठेकेदारों पर लापरवाही बरतने और विशेष समुदाय के लोगों को झूले लगाने की अनुमति देने को लेकर नाराजगी जताई। झूला ठेकेदार ललित मोहन शर्मा ने बताया कि एक दिन पहले ही कारीगरों को किसी प्रकार की अव्यवस्था न करने की सख्त हिदायत दी गई थी। हंगामे की सूचना पर नौचंदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने ठेकेदारों को दोबारा ऐसी स्थिति न बनने देने की चेतावनी दी। पुलिस ने मामले में राजस्थान से आए झूला कारीगर गाधा खान को हिरासत में ले लिया। मौके से मिले बकरे के मांस को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।