सालों की मेहनत के बाद जब बचपन का सपना पूरा हुआ और कांधे पर दो सितारे लगे, तो कैडेट्स के चेहरे खिल उठे। कोतवाल सिंह गुर्जर पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय में सोमवार को हुई पासिंग आउट परेड के बाद पुलिस महकमे को 113 नये दरोगा मिल गए। कैडेट्स ने परेड में मुख्य अतिथि रहे एडीजी मेरठ ज़ोन भानु भास्कर को सलामी दी। एडीजी ने सभी कैडेटों को ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का पाठ पढ़ाया। वाराणसी के योगेंद्र कुमार पांडे को बेस्ट कैडेट का अवार्ड दिया गया। पासिंग आउट परेड के बाद सभी कैडेट्स ने अपनी खुशी को अपने परिवार के साथ साझा किया। बेटे-बेटियों के कांधे पर उत्तर प्रदेश पुलिस के सितारे लगे देख माता-पिता की आंखों से खुशी के आंसू छलक उठे।