मेरठ। सरधना नगर के ऐतिहासिक शहीद द्वार पर शनिवार को शहीद शब्द पर रंग कर उसकी जगह बलिदान लिखा हुआ पोस्टर लगाया गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों में रोष फैल गया। विवाद बढ़ता देख थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पोस्टर हटवा दिया। वायरल वीडियो में गुजरान गेट स्थित शहीद द्वार पर शहीद शब्द को ढकते हुए बलिदान शब्द लिखा गया था। इसी दौरान पृष्ठभूमि में गायिका लता मंगेशकर का प्रसिद्ध देशभक्ति गीत ए मेरे वतन के लोगों बज रहा था। वीडियो में इस कृत्य की आलोचना करते हुए इसे शहीद शब्द के प्रति असहिष्णुता बताया गया। मामले ने तूल तब पकड़ा जब कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर यह कहते हुए लता मंगेशकर के गीत पर बैन लगाने या गाने से शहीद शब्द हटाने की मांग कर डाली। नगर पालिका चेयरपर्सन सबीला बेगम ने मामले की जानकारी से इंकार करते हुए कहा कि शिकायत मिलने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।