मेरठ सेंट्रल मार्केट क्षेत्र में संभावित ध्वस्तीकरण कार्रवाई को लेकर शनिवार को माहौल गर्मा गया। आवास एवं विकास परिषद द्वारा जेसीबी मशीनों और भारी पुलिस बल को बुलाए जाने के बाद क्षेत्र में गहमागहमी बढ़ गई। कार्रवाई की आशंका से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में खलबली मच गई। बताया जा रहा है कि सेंट्रल मार्केट के आवासीय भवनों में संचालित व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट ने 8 अप्रैल को आवासीय परिसरों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण संबंधी आदेश दिए थे। शनिवार को परिषद कार्यालय के बाहर लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई और संभावित कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया। मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। जानकारी के अनुसार मामले में अगली सुनवाई 14 जुलाई को निर्धारित है। फिलहाल प्रशासन और परिषद की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। संभावित ध्वस्तीकरण को लेकर प्रभावित लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है, जबकि अधिकारी न्यायालय के आदेशों के अनुपालन की प्रक्रिया पर काम कर रहे हैं।