मेरठ। सरधना के पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में शनिवार को कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर हिंदी पाठ्यक्रम पर आधारित कृष्ण काव्य का सस्वर पाठ गतिविधि का आयोजन किया गया। शिक्षक डॉ. आरसी पांडेय के मार्गदर्शन में छात्रों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर भक्ति और रस से भरे पदों का गायन किया। कक्षा आठवीं की छात्राएं राशि, विजयलक्ष्मी, काकुल एवं छवि ने मीराबाई के पद “मैया मोरी मैं नहीं माखन खायो” प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कक्षा सातवीं के छात्र कार्तिक और प्रिंस ने भी मधुर स्वर में कृष्ण गीत गाए। इसी क्रम में आठवीं के आदित्य ने शास्त्रीय धुन पर कृष्ण काव्य का गायन कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कक्षा नौवीं के मोहित और देवांश ने रसखान का सवैया “मानुष हो तो वही रसखानि” प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी।