सेटबैक विवाद को लेकर शास्त्रीनगर में माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। सोमवार को आवास विकास परिषद की टीम सेंट्रल मार्केट और सेक्टर-2 क्षेत्र में पहुंची तथा मकानों में जाकर निर्माण संबंधी आवश्यक जानकारियां जुटाईं। टीम के सदस्यों ने घरों के ऊपरी हिस्सों का भी निरीक्षण किया और संबंधित विवरण एकत्र किए। इस दौरान सेक्टर-2 स्थित धरना स्थल पर महिलाओं का विरोध प्रदर्शन जारी रहा। आवास विकास की टीम ने सेक्टर-2 और आसपास के घरों में पहुंचकर जानकारी ली, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। वहीं, शास्त्रीनगर सेक्टर-3 और सेक्टर-4 के चौराहे पर धरना दे रही महिलाओं ने आवास विकास की कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि जिस तरह टीम ने सेक्टर-2 में घरों के भीतर जाकर जानकारी जुटाई है, वैसा अपने क्षेत्रों में नहीं होने दिया जाएगा। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी सहमति के बिना घरों में प्रवेश करने का प्रयास किया गया तो इसका विरोध किया जाएगा।