सहारनपुर विकास भवन सभागार में मंगलवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक के दौरान कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और सपा विधायक आशु मलिक के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। बेहड़ा संदल गांव में सड़क और नाले के मुद्दे पर सवाल-जवाब के दौरान दोनों के बीच बहस शुरू हुई। बैठक में जिलाधिकारी समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सड़क निर्माण के बाद अधूरे नाले का उठाया मुद्दा बैठक में सहारनपुर देहात विधायक आशु मलिक ने बेहड़ा संदल गांव में चार साल पहले प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़क का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान नाला अधूरा छोड़ दिया गया, जिसके कारण कब्रिस्तान और खेतों में पानी जा रहा है। विधायक ने नाले का दोबारा निर्माण कराने की मांग की। संबंधित अधिकारी ने बताया कि नाला प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत नहीं आता। इस पर विधायक ने कहा कि पिछली बैठक में भी यह मुद्दा उठाया गया था और उस दौरान गलत जानकारी दी गई थी। ‘चाय पकौड़ी खाने नहीं आए’, सांसद ने कहा- कौन खिला रहा है मुद्दे को लेकर सांसद इमरान मसूद और विधायक आशु मलिक के बीच बहस शुरू हो गई। सांसद ने विधायक से नियमों के अनुसार बात रखने को कहा। इस पर विधायक ने कहा कि सवाल उनका है और वह अधिकारी के जवाब से संतुष्ट नहीं हैं। विधायक ने कहा, “जनता के लिए इस मीटिंग में आए हैं, यहां चाय पकौड़ी खाने नहीं आए।” इस पर सांसद इमरान मसूद ने जवाब दिया, “चाय पकौड़ी कौन खिला रहा है? आप नियमों में रहिए।” सांसद ने विधायक से यह भी कहा कि वह अधिकारियों पर गलत जानकारी देने का आरोप न लगाएं और बैठक को बैठक की तरह चलने दें। एक सप्ताह में रिपोर्ट देने के निर्देश हालांकि बाद में सांसद इमरान मसूद ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि विधायक को पूरे मामले की जानकारी एक सप्ताह के भीतर बिंदुवार उपलब्ध कराई जाए। बैठक में सांसद और विधायक के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।