मेरठ। सरधना के मेरठ करनाल हाईवे पर सोमवार देर रात थाना सरधना क्षेत्र के गांव दबथुआ के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान सोनू पुत्र कृष्णपाल (25) निवासी मोहल्ला जोगियान, कस्बा सरधना, जाति कश्यप, और सोनू पुत्र राजवीर, निवासी मोहल्ला बूढ़ा बाबू, सरधना, जाति जाटव, के रूप में हुई है। दोनों को हादसे के बाद 108 एम्बुलेंस की मदद से प्यारे लाल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में पवन पुत्र जयप्रकाश (20) निवासी मोहल्ला जोगियान, सरधना, जाति प्रजापति, और रोहित पुत्र बेगराज (22) निवासी सरधना, जाति प्रजापति, शामिल हैं। दोनों को इलाज के लिए कैलाशी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां परिजनों की मौजूदगी में उनका उपचार जारी है। हादसे की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।