भामाशाह क्रिकेट मैदान में आयोजित यूपी टी-20 लीग की टीम मेरठ मेवरिक्स के ट्रायल के तीसरे दिन मंगलवार को खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने चयनकर्ताओं के सामने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए टीम में जगह बनाने का प्रयास किया। ट्रायल में मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, आगरा, मुजफ्फरनगर, बागपत और प्रयागराज समेत कई जिलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान खिलाड़ियों की शानदार बल्लेबाजी और प्रभावशाली गेंदबाजी देखने को मिली। मैदान पर युवा क्रिकेटरों के उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल बना रहा। आयोजकों के अनुसार ट्रायल के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें यूपी टी-20 लीग में अपनी क्षमता साबित करने का अवसर दिया जाएगा। खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर चयनकर्ताओं की नजर बनी हुई है।