मेरठ में सोमवार को सपा कार्यकर्ता कमिश्नरी चौराहे पर इकट्ठे हुए और जुलूस निकालकर कलक्ट्रेट पहुंचे। धरना प्रदर्शन और नारेबाजी की। बोले- दलितों पर हो रहे अत्याचार नहीं सहेंगे। तानाशाही नहीं चलेगी। इस दौरान सपाई जिलाधिकारी को ही ज्ञापन देने पर अड़े रहे। उनकी एडीएम प्रशासन और अन्य अफसरों के साथ काफी देर कहासुनी भी हुई। जिला अध्यक्ष विपिन चौधरी ने कहा दलितों पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं, लेकिन यूपी सरकार कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। कालंदी गांव की बारात में मारपीट करने की घटना अत्यंत दुखद और निंदनीय है। भाजपा पहले से ही दलित विरोधी रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सपाइयों ने जिला अधिकारी की अनुपस्थिति में एडीएम बृजेश सिंह को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन दिया।