मेरठ के शिवाजी रोड स्थित कांग्रेस कैंप कार्यालय पर शनिवार को पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने के मामलों पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार से परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की मांग की। पत्रकार वार्ता में आगामी बहुजन समाज चिंतन अधिवेशन को लेकर भी चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने बताया कि अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम के आगमन के अवसर पर आयोजित होने वाले अधिवेशन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समाज के लोग शामिल होंगे। उन्होंने अधिवेशन को सामाजिक न्याय, समानता और बहुजन समाज के मुद्दों पर मंथन का महत्वपूर्ण मंच बताया। इस अवसर पर कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।