दिल्ली-देहरादून हाईवे पर देर रात हुए सड़क हादसे के बाद सोमवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। दौराला की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने पैदल सड़क पार कर रहे पैलहेड़ा गांव निवासी युवक विकास को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल विकास को कार चालक इलाज कराने के बहाने अपनी कार में बैठाकर ले गया, लेकिन रास्ते में कंकरखेड़ा हाईवे पर नाले के पास फेंककर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और विकास को कैलाशी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन उसे एसडीएस ग्लोबल अस्पताल भी ले गए, लेकिन वहां भी मौत की पुष्टि हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।