सरधना थाना क्षेत्र के गांव ज्वालागढ़ में 5 जनवरी को हुई रोहित उर्फ सोनू कश्यप की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। इसी को लेकर शुक्रवार को शामली से कश्यप समाज और सर्व समाज चेतना मंच के दर्जनों कार्यकर्ता एमएलसी किरण पाल सिंह कश्यप के नेतृत्व में मेरठ कमिश्नरी कार्यालय पर प्रदर्शन करने जा रहे थे। पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को कंकरखेड़ा क्षेत्र में ही रोक लिया। इससे नाराज कश्यप समाज के लोगों ने जमकर हंगामा किया और सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। पुलिस अधिकारियों द्वारा काफी समझाने के बाद सभी को परतापुर थाने भेज दिया गया। एमएलसी किरण पाल कश्यप ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सोनू हत्याकांड का पुलिस द्वारा सही खुलासा नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह से हत्या को अंजाम दिया गया, उसमें एक से अधिक लोगों की संलिप्तता प्रतीत होती है, लेकिन पुलिस ने केवल एक आरोपी को जेल भेजा है, जबकि अन्य आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी कर कठोर कार्रवाई की मांग की। एमएलसी व कश्यप समाज के लोगों को परतापुर थाने में नजरबंद किए जाने की सूचना मिलने पर सरधना विधायक अतुल प्रधान भी परतापुर थाने पहुंचे और एमएलसी किरण पाल कश्यप से बातचीत की। इस दौरान धीरज प्रधान, सुरेंद्र कश्यप, गौरव कश्यप, बाबूराम कश्यप, डॉ. राजकुमार, राहुल, रामकिशन कश्यप, प्रदीप कश्यप सहित दर्जनों लोग परतापुर थाने में नजरबंद रहे।