मवाना में थाना समाधान दिवस के अवसर पर एसपी देहात अभिजीत सिंह और सीओ पंकज लवानिया ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में कुल तीन शिकायतें सामने आईं। इस दौरान संयुक्त व्यापारी एसोसिएशन मवाना का प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष शैवाल दुबलिश के नेतृत्व में पहुंचा और नगर के व्यापारियों की समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि 28 सितंबर को श्रेय हार्डवेयर तथा 4 दिसंबर को अग्रवाल साइकिल स्टोर, जैन मिष्ठान भंडार और सुभाष बुक डिपो में हुई चोरी की घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। इस पर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने रोष व्यक्त करते हुए चोरी की घटनाओं के शीघ्र खुलासे की मांग की। व्यापारियों ने नगर में लगने वाले जाम की समस्या के स्थायी समाधान की भी मांग रखी। वहीं ग्राम नानपुर निवासी इसरार अहमद ने अपनी बेटी के ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराने की मांग की।