मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर स्थित किसान इंटर कॉलेज में अमर उजाला की ओर से ‘पुलिस की पाठशाला’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने छात्राओं को नारी शक्ति मिशन के तहत सुरक्षा और जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। एसपी सिटी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि यदि कोई मनचला छात्रा को छेड़ता है या गलत तरीके से बात करता है तो उसे डरने की जरूरत नहीं है। ऐसी स्थिति में उसका डटकर सामना करें और तुरंत पुलिस से शिकायत करें। उन्होंने छात्राओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी जागरूक किया। उन्होंने सलाह दी कि सोशल मीडिया पर अंजान लोगों से बातचीत करने से बचें और उसका इस्तेमाल सोच-समझकर करें। उन्होंने कहा कि जागरूकता और आत्मविश्वास ही महिलाओं की सबसे बड़ी ताकत है। छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की सलाह दी।