मेरठ के हस्तिनापुर कस्बे में रंगदारी मांगने, ब्लैकमेल करने और झूठे मुकदमे में फंसाने के आरोपों को लेकर मामला चर्चा में आ गया है। पोस्टवार कॉलोनी निवासी एक महिला ने थाना हस्तिनापुर में तहरीर देकर स्वयं को पत्रकार बताने वाले एक व्यक्ति समेत अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। महिला बबीता पत्नी ओमबीर सिंह का आरोप है कि उनके पति से पिछले करीब एक वर्ष से विभिन्न मामलों का भय दिखाकर धन की मांग की जा रही थी। तहरीर के अनुसार, हाल के दिनों में आरोपियों द्वारा कथित रूप से 50-50 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। विरोध करने पर वीडियो वायरल करने और वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कराने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। महिला का कहना है कि सात जून को खेत पर कार्य के दौरान आरोपियों ने उनके पति पर दबाव बनाया और बाद में घर पहुंचकर शेष धनराशि की मांग की। रुपये न देने पर मारपीट और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। महिला ने दावा किया है कि उसके पास ऑडियो और वीडियो साक्ष्य मौजूद हैं। इधर, इस प्रकरण को लेकर ग्राम सिरजेपुर में गुर्जर समाज की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कथित रूप से कुछ लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाए जाने का मुद्दा उठाया गया। बैठक के बाद समाज के लोग थाना हस्तिनापुर पहुंचे और पुलिस को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पूरे प्रकरण की निष्पक्षता से पड़ताल कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।