मवाना। भारतीय किसान यूनियन इंडिया के पदाधिकारियों ने सोमवार को जिलाधिकारी के नाम एक ज्ञापन तहसीलदार निरंकार सिंह को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि मवाना शुगर मिल में आने-जाने वाले ओवरलोड गन्ने के ट्रक नगर क्षेत्र से होकर गुजरते हैं, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। किसान यूनियन का कहना है कि कई बार ये ट्रक बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त कर चुके हैं और पूर्व में ओवरलोड ट्रकों के पलटने से लोगों की जान भी जा चुकी है। संगठन ने बताया कि सोमवार सुबह भी एक गन्ने का ट्रक पलटने से दो बच्चे घायल हो गए। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि ओवरलोड गन्ना ट्रकों पर शीघ्र रोक नहीं लगाई गई तो भारतीय किसान यूनियन इंडिया के कार्यकर्ता धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। ज्ञापन देने वालों में राष्ट्रीय सचिव कासिम जेदी, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश यादव, प्रदेश प्रभारी सचिन गुर्जर समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।