मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र के गांव सलावा में मंगलवार देर रात मछली पकड़ने को लेकर दो समुदायों में हुए खूनी संघर्ष के बाद तनाव फैल गया। हालात को देखते हुए प्रशासन ने गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। एसपी देहात राकेश मिश्रा और एसडीएम उदित नारायण सिंह मौके पर डेरा डाले हुए हैं। संघर्ष में राजपूत समाज के नौ लोग धारदार हथियारों से घायल हुए। इनमें से आठ की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें सरधना सीएचसी से मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। आरोप है कि मामूली कहासुनी के बाद विवाद बढ़ा और हमले की नौबत आ गई। घटना के बाद मुस्लिम पक्ष के घरों में सिर्फ महिलाएं और बच्चे रह गए हैं। पुलिस ने आठ आरोपितों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। राजपूत पक्ष का कहना है कि मुस्लिम समुदाय के लोगों ने तालाब की जमीन पर अवैध कब्जा कर मकान बना रखे हैं। ग्रामीणों ने इन निर्माणों को हटाने और गांव में बने मदरसे की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मुस्लिम पक्ष का आरोप है कि झगड़ा राजपूत पक्ष के युवकों से कहासुनी के बाद शुरू हुआ और हिंदू पक्ष की भीड़ ने उनके घरों पर पथराव व महिलाओं के साथ अभद्रता की। घटनाक्रम की गंभीरता को देखते हुए डीएम डॉ. वी.के. सिंह और एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने अन्य अधिकारियों के साथ गांव पहुंचकर दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की। उधर, ग्रामीणों का कहना है कि शाम पांच बजे भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम भी गांव का दौरा करेंगे।