वेस्ट यूपी में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को लेकर बुधवार को सरधना में ऐतिहासिक बंद रहा। बंद का व्यापक असर देखने को मिला। बाजार, स्कूल, कॉलेज, मंडी समिति सहित अधिकांश प्रतिष्ठान बंद रहे, जिससे नगर में कर्फ्यू जैसा माहौल नजर आया। सुबह से ही अधिवक्ता विभिन्न संगठनों व राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के साथ बाजारों में मुनादी करते हुए बंद को सफल बनाने में जुटे रहे। इक्का-दुक्का खुली दुकानों से भी समर्थन की अपील कर उन्हें बंद कराया गया। व्यापारिक संगठनों सहित विभिन्न दलों ने बंद का पूर्ण समर्थन किया।