मेरठ के लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज के NICU विभाग ने मूक-बधिर माता-पिता की उम्मीदों को नया जीवन दिया है। मेडिकल कॉलेज ने NICU विभाग में जन्मे 800 ग्राम के शिशु को 57 दिन बाद सफलतापूर्वक छुट्टी दे दी। लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज मेरठ में एक 800 ग्राम वजन वाले अत्यंत अल्प गर्भ काल लगभग 27-28 सप्ताह की नवजात शिशु बेबी ऑफ़ रुकैया पुत्री आदिल निवासी सिवाल खास मेरठ को जन्म के 57 दिन की गहन चिकित्सीय देखभाल के बाद बुधवार यानि 25 जून 2025 को सफलतापूर्वक चिकित्सालय से छुट्टी कर दी गई। डॉ अनुपमा वर्मा ने बताया कि यह नवजात शिशु बाल रोग विभाग के अधीन भर्ती किया गया था और उनकी देखरेख में ही पूरा उपचार उपचार संपन्न हुआ। इस जटिल चिकित्सा प्रबंधन में डॉ अनुपमा वर्मा के नेतृत्व में NICU की टीम जिसमें डॉ सुरुचि, डॉ दिशु, डॉ देवांश, डॉ प्रगति,डॉ अभिजीत, डॉ तरुण,डॉ आकाश और चिकित्सकों के साथ नर्सिंग इंचार्ज सिस्टर गीता और अन्य NICU स्टाफ का विशेष योगदान रहा। गौरतलब है कि शिशु के माता पिता दोनों ही मूक बधिर हैं। नवजात शिशु का प्रारंभिक वजन 800 ग्राम था लेकिन नियमित पोषण, चिकित्सकीय देखभाल और माता-पिता के सहयोग से शिशु का वजन बढ़ाकर अब 1300 ग्राम हो चुका है जो चिकित्सालय से छुट्टी के लिए सुरक्षित सीमा है। NICU टीम ने विशेष संचार वीडियो जैसे सांकेतिक भाषा, लिखित संवाद के माध्यम से माता-पिता को लगातार शिशु की स्थिति से अवगत कराया और उन्हें हर निर्णय में सहभागी बनाया। शिशु को नियमित फॉलो अप और विकास निगरानी के लिए आने की सलाह दी गई है।