मेरठ। उप्र परिवहन निगम की बसों में महिला परिचालक भर्ती के लिए सोमवार को भैंसाली डिपो परिसर में रोजगार मेला लगा। इसमें 100 से अधिक महिलाओं ने अपने आवेदन जमा किए। अभ्यर्थियों का चयन आवेदन पत्रों की जांच के बाद होगा। मेरठ परिक्षेत्र में चालक और परिचालकों की कमी है। इस कारण उप्र परिवहन निगम की कई बसें खड़ी हैं। उप्र सरकार ने महिलाओं को परिचालक पद पर रोजगार देने का कदम उठाया है। पूरे उप्र में महिला परिचालकों की भर्ती की जा रही है। मेरठ में पहले भी ऐसे कई मेले लग चुके हैं। महिलाएं आवेदन के लिए जागरूक हैं पर चयन प्रक्रिया में उनके आवेदन निरस्त हो जाते हैं। सोमवार को भैंसाली डिपो पर क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय परिसर में मेला लगा। रीतू जोशी, कविता रानी, विकास भारद्वाज और गजेंद्र सिंह की उपस्थिति में आवेदन पत्र जमा हुए। संविदा पर महिला परिचालक के लिए 12वीं पास, सीसीसी प्रमाणपत्र और 18 से 40 वर्ष की उम्र अनिवार्य है। इंटरमीडिएट के अंकों की योग्यता सूची के आधार पर चयन होगा। संविदा महिला परिचालकों को 2.16 रुपये से 2.20 रुपये प्रति किलोमीटर मानदेय मिलेगा। 22 दिन ड्यूटी और 5000 किलोमीटर यात्रा पूरी करने पर 3000 रुपये का अतिरिक्त प्रोत्साहन भी होगा।