मेरठ। दौराला के दादरी स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में मंगलवार को दीक्षारंभ कार्यक्रम व उद्घाटन किया गया। प्राचार्य प्रो. यज्ञदेव शर्मा के निर्देशन में मिशन शक्ति कार्यक्रम फेज 5 भी संपन्न कराया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती माता के चित्र पर प्राचार्य व अतिथियों ने माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन करके किया। ज्योति, चंचल, आकांक्षा, रिया, विशाखा, शिवानी, पलक, प्राची, शोभा, जानवी, प्रीति आदि छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत की प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान ने छात्राओं से कहा कि आज हमारा रोपा हुआ पौधा फलने लगा है और इस पौधे के फूल निरंतर पूरे क्षेत्र में खुशबु फैलाते रहेंगे। महाविद्यालय की उन्नति के साथ छात्राएं आगे बढ़ती रहेंगी। कहा कि छात्राओं को अपने संस्कारों का ध्यान रखते हुए अपने माता-पिता का नाम आगे बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए। प्रो. यज्ञदेव शर्मा ने कहा कि वीरों की पावन धरा पर नारी शिक्षा के साथ ही उन्नति हो सकती है। मिशन शक्ति कार्यक्रम का संयोजन प्रभारी डॉ. संगीता तोमर, डॉ. दीप्ति चौधरी ने किया। दीक्षारंभ पर हवन का आयोजन किया गया। हवन पूजन में छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने आहुति दी।