मेरठ। सरूरपुर के मेरठ-करनाल हाइवे पर भूनी टोल पर गांव गोटका निवासी सेना के जवान कपिल पुत्र कृष्णपाल के साथ मारपीट करने वाले आठवें आरोपी रवि को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सेना के जवान कपिल को पोल से बांधकर बर्बरता पूर्वक पीली कमीज पहने डंडे से पीटते हुए दिखाई देने वाला आरोपी रवि की पुलिस ने पहचान कर कार्रवाई की है। बता दे कि बीते रविवार को भूनी टोल पर ड्यूटी पर जाते समय गाड़ी जल्दी निकालने के दौरान कहासुनी के बाद टोल कर्मचारियों ने सेना के जवान कपिल को पोल से बांधकर पिटाई कर दी थी। बचाव में उसके पिता व चचेरे भाई शिवम को भी आरोपियों ने जमकर पीटा था। सोशल मीडिया पर जवान के पीटने की वीडियो जैसे ही वायरल हुई तो क्षेत्रीय लोगों ने सोमवार को भूनी टोल पर हंगामा करते तोड़फोड़ कर दी थी। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा व पूर्व विधायक संगीत सोम ने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई थी। हालांकि पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर सात आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी है। जबकि वायरल वीडियो में कपिल को डंडो से पीटने वाला आरोपी रवि फरार चल रहा है। जिसके लिए पुलिस पिछले तीन दिनों से दबिश दे रही थी। एसपी सीओ आशुतोष ने बताया कि बुधवार को पुलिस ने आरोपी को करनावल पुलिस चौकी पास स्थित झाल से गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।