बागपत सपा सांसद अजेंद्र लोधी द्वारा प्रधानमंत्री पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में भाजपा जिला कार्यकारिणी के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया और उनका पुतला फूंका। भाजपा कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट लोकमंच पर एकत्र हुए और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव तथा हमीरपुर से सपा सांसद अजेंद्र लोधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंककर अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने कहा कि सपा सांसद द्वारा देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ की गई टिप्पणी बेहद आपत्तिजनक है। उन्होंने कहा कि देश की जनता इसका जवाब आने वाले विधानसभा चुनाव में देगी। प्रदर्शन के दौरान जिला उपाध्यक्ष कुलदीप भारद्वाज, पवन शर्मा, अनिल उपाध्याय, सतेन्द्र मौर्य सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।