मेरठ। सरधना विधानसभा क्षेत्र सरधना के गांव मेहरमति मीणा में रविवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे किसान-मजदूर सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में किसान, मजदूर, युवा एवं समाज के गणमान्य लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शहीद भगत सिंह सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राजस्थान के संघर्षशील नेता नरेश मीणा तथा समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान पहुंचे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने किसानों, मजदूरों और समाज के वंचित वर्गों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय और संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि समाज की प्रगति के लिए युवाओं और विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। इस अवसर पर समाज की मेधावी छात्राओं को साइकिल भेंट कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने कहा कि बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय और महाविद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी तथा वे अपनी पढ़ाई को और बेहतर ढंग से जारी रख सकेंगी। कार्यक्रम के दौरान पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने सामाजिक एकता, राजनीतिक भागीदारी और अधिकारों की मजबूती पर अपने विचार रखे। सम्मेलन के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।