मेरठ। सरूरपुर के मेरठ-करनाल हाईवे के भूनी टोल प्लाजा की वसूली का ठेका बंशीलाल गुुप्ता के नाम 12 लाख 770 रुपये प्रतिदिन के हिसाब छूटा है। एनएचएआई की निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद बंशीलाल गुप्ता कंपनी को भूनी टोल प्लाजा का नया ठेका मिला है। मंगलवार की सुबह प्रबंधन परिवर्तन के साथ ही नई कंपनी ने वसूली शुरू कर दी। बंशीलाल कंपनी एक साल तक भूनी टोल पर वसूली का कार्यभार संभालेगी। मंगलवार सुबह से ही सूर्या इंटरनेशनल से हैंडओवर प्रक्रिया पूरी होते ही कंपनी ने आधिकारिक तौर पर कार्यभार संभालकर वाहनों से वसूली शुरू कर दी है। कुछ दिन पहले एनएचएआई ने टोल प्लाजा के संचालन और वसूली को लेकर निविदा जारी की थी। निविदा में सर्वधिक 12 लाख 770 की बंशीलाल गुप्ता कंपनी बोली लगाकर वसूली का ठेका अपने नाम किया है। जबकि पहली कंपनी सूर्या इंटरनेशनल को तीन माह के लिए अस्थायी तौर पर 12 लाख 7 हजार 795 रुपये प्रतिदिन पर तीन माह के लिए ठेका छोड़ा गया था। बता दे कि 17 अगस्त को गांव गोटका निवासी सेना के जवान कपिल के साथ टोल कर्मचारियों द्वारा मारपीट किए जाने की घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष फैल गया था। अगले दिन ग्रामीणों ने टोल पर जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एनएचएआई ने तत्कालीन कंपनी मैमर्स धर्मसिंह कंपनी का अनुबंध रद्द कर 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। साथ ही3.7 करोड़ की सुरक्षा धनराशि जब्त कर ली थी। टोल संचालन की जिम्मेदारी संभालते हुए एनएचएआई ने नई कंपनी को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यात्रियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो और सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। वहीं, पुलिस प्रशासन ने भी टोल पर तैनात किए जाने वाले कर्मचारियों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए है। जबकि पिछले घटना को देखते हुए पुलिस ने भी टोल पर क्षेत्रीय कर्मचारी रखने पर रोक लगाई है। थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि कंपनी को सख्त दिशा निर्देश दिए है। किसी प्रकार की गुड़ागर्दी बर्दाशत नहीं की जाएगी। साथ टोल पर रखे गए सभी कर्मचारियों का एक सप्ताह के अंदर सत्यापन कराना अनिवार्य है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक टोल पर किसी प्रबंधक की तैनाती नहीं की गई है।