मेरठ के सरूरपुर में गांव गोटका निवासी सेना के जवान कपिल के साथ टोल कर्मचारियों द्वारा की गई मारपीट की घटना को लेकर बुधवार को भाकियू आंदोलनकारी संगठन के पदाधिकारी जवान कपिल के परिजनों से मिलने पहुंचे और उन्हें सांत्वना दी। भाकियू नेता निक्की तालियान ने कहा कि भूनी टोल प्लाजा पर आए दिन लोगों के साथ मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं। टोल कर्मचारी अपनी मनमानी कर लोगों को परेशान करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सिक्योरिटी कंपनी के कर्मचारियों का यही रवैया रहा है और इस बार उनके खिलाफ सही कार्रवाई हुई है। इससे पूर्व उन्होंने थाने में पहुंचकर सिक्योरिटी कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की मांग उठाई है। इस बीच जवान कपिल की मां ने चिंता जताई है कि जेल से छूटने के बाद आरोपी उनके परिवार के साथ किसी अनहोनी की वारदात को अंजाम न दें। वहीं, कपिल के पिता ने कहा कि पूरा देश उनके बेटे के साथ खड़ा है। टोल कर्मचारियों ने जो अन्याय उनके साथ किया है, उसके दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। गांव में इस घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है और लोग टोल कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।