मेरठ। पुण्य सप्ताह के तहत रविवार को खजूर रविवार (पाम संडे) पर सरधना क्षेत्र के ऐतिहासिक रोमन कैथोलिक चर्च में विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रातः 9 बजे छावनी से खजूरों की आशीष के साथ जुलूस निकाला गया, जिसके बाद बिशप भास्कर जेसुराज ने मिस्सा बलिदान अर्पित किया। प्रभु यीशु मसीह के पुनरोत्थान पर्व ईस्टर से पूर्व मनाए जाने वाले 40 दिवसीय चालीसा काल के अंतर्गत श्रद्धालु उपवास और प्रार्थना कर रहे हैं। 14 फरवरी से शुरू हुए इस काल के पांचवें रविवार को दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने चर्च में विशेष प्रार्थना सभाओं में भाग लिया। रविवार को श्रद्धालुओं ने प्रभु यीशु के दुखों का स्मरण करते हुए उपवास रखा। इस दौरान चर्च में प्रभु के दुःखभोग को दर्शाती विशेष प्रार्थनाएं आयोजित की गईं। पवित्र क्रूस की उपासना के साथ परम प्रसाद का वितरण भी किया गया। मेरठ धर्म प्रांत के धर्माध्याक्ष भास्कर जेसुराज ने कहा कि चालीसा काल आत्मचिंतन, प्रायश्चित और ईश्वर के समीप आने का समय है।