गंगानगर क्षेत्र की शिवलोक कॉलोनी निवासी अंतर्राष्ट्रीय पैरा एथलीट व पेरिस ओलंपिक-2024 की दो पदक विजेता प्रीतिपाल को अर्जुन अवार्ड देने की घोषणा बृहस्पतिवार दोपहर की गई। इसकी जानकारी पर परिवार के लोग खुशी से झूम उठे। उनके आवास व मोबाइल फोन पर बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया। प्रीतिपाल ने बातचीत में बताया कि अर्जुन अवार्ड की लिस्ट में नाम होने की जानकारी उन्हें पहले मिल गई थी। जब दोपहर घोषणा की गई तो खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने कहा मैं अपनी खुशी को बयां नहीं कर सकती हूं। मेरा सपना पूरा हो गया है।