मेरठ। गुरु गोविंद सिंह जयंती के अवसर पर बृहस्पतिवार को रोहटा के गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल रोहटा में वार्षिक मेले का आयोजन किया गया। मेले में सभी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मेले में विभिन्न प्रकार के झूले, डांस स्टेज, बच्चों द्वारा लगाए गए खाने-पीने के स्टॉल तथा खिलौनों की दुकानों ने विशेष आकर्षण पैदा किया। बच्चों के लिए ऊंट की सवारी की विशेष व्यवस्था की गई, जिसका बच्चों ने खूब आनंद लिया। इसके अलावा बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स का पंडाल भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थाना प्रभारी रोहटा अनुराग सिंह रहे। विद्यालय प्रबंधक संदीप चौधरी ने बच्चों के साथ मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर संदीप चौधरी ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को गुरु गोविंद सिंह जयंती और नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के उप-प्रबंधक रजत देशवाल ने शिक्षकों, छात्रों एवं अभिवावकों का आभार व्यक्त किया।