मेरठ के एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज से एक बार फिर शर्मनाक खबर सामने आई है। यहां ऑर्थो वार्ड में भर्ती 13 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस घिनौनी हरकत को अंजाम देने वाले आरोपी उत्तराखंड के काशीपुर निवासी रोहित पुत्र यशपाल को मेडिकल थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी रोहित का भाई मेडिकल कॉलेज के ऑर्थोपेडिक विभाग में भर्ती है, उसके बराबर वाले बेड पर ही 13 वर्षीय किशोरी भी भर्ती थी, जिसकी तीमारदारी भी रोहित ही कर रहा था। शनिवार रात जब किशोरी शौच करने गई, तो पहले से ताक लगाये आरोपी ने उसके साथ दरिंदगी की सारी हदें पार कर दी। आरोपी ने किशोरी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने घटना के बारे में अपनी मां को बताया, तो अफरा-तफरी मच गई। पीड़िता की मां ने मेडिकल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने दबिश डालते हुए आरोपी रोहित को काली नदी गढ़ रोड से गिरफ्तार कर लिया।