घोसी कोतवाली क्षेत्र के घोसी तहसील गेट पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई।जब जमीन के बैनामे को लेकर दो पक्ष पुलिस की मौजूदगी में ही आपस में भिड़ गए। तहसील गेट के सामने नेशनल हाईवे-29 पर जमकर मारपीट हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए हाईवे जाम जैसी स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार घोसी कोतवाली क्षेत्र के बेला सुल्तानपुर निवासी रामाधार राय अपनी पैतृक जमीन का बैनामा कराने के लिए बुधवार की सुबह लगभग 11 बजे सब रजिस्टार कार्यालय घोसी पहुंचे थे। आरोप है कि इसकी जानकारी मिलने पर उनके पुत्र राजू राय और रम्मन राय मौके पर पहुंच गए और जमीन की रजिस्ट्री का विरोध करने लगे। बताया जा रहा है कि विक्रेता रामाधार राय घर से दो दिनो से गायब थे। जिसे लेकर काफी तलाश के बाद दोनों पुत्रों ने कोतवाली के उपनिरीक्षक अशोक सिंह और दिवान रत्नाकर के साथ अपने पिता रामाधार राय को तहसील गेट के सामने एक दुकान पर खोज निकाला। इसी दौरान जमीन खरीदने वाले पंकज राय से कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में ही दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे। सड़क पर हंगामा और मारपीट से कुछ देर तक नेशनल हाईवे-29 पर आवागमन प्रभावित रहा। मौके पर मौजूद लोग मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आए। घटना के बाद घोसी कोतवाली पुलिस दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर थाने पहुंची, जहां मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।उधर इस घटना को लेकर क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है।तहरीर मिलने के बाद मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।