जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र ने शनिवार को फतेहपुर मंडाव ब्लॉक के कटघरा शंकर के पंचायत भवन पर फार्मर रजिस्ट्री के लिए आयोजित कैंप का निरीक्षण किया। उन्होंने संचालित कैंप के संबंध में पंचायत सहायक, ग्राम पंचायत के सचिव, लेखपाल, प्रधान एवं उपस्थित किसानों एवं रोजगार सेवक से विस्तृत जानकारी ली। कहा कि जिला प्रशासन गांव-गांव जा रहा है। वर्तमान प्रधान सहित पूर्व प्रधान भी इस काम में सहयोग करें, जिससे समस्त किसानों का फार्मर रजिस्ट्री कराया जा सके। किसानों से अपील किया कि प्रत्येक ग्राम सभा में आयोजित हो रहे कैंपों पर उपस्थित होकर अपना फार्मर आईडी अवश्य जनरेट करा लें। इसके अलावा किसान स्वयं भी जन सेवा केंद्र या अपने मोबाइल या कंप्यूटर से भी संबंधित पोर्टल पर जानकारी भरते हुए फार्मर रजिस्ट्री कर सकते हैं। जिन किसानों का फार्मर रजिस्ट्री नहीं होगा वे सरकार से कृषि विभाग सहित कृषि संबंधित अन्य विभागों से संचालित योजनाओं के लाभ से वंचित हो जाएंगे। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को सचिव, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, लेखपाल एवं कोटेदारों के साथ बैठक कर प्रत्येक गांव में फार्मर रजिस्ट्री न कराने वाले किसानों से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित करते हुए समस्त किसानों का फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित करने को कहा। कहा कि फार्मर रजिस्ट्री न होने पर किसान अनाज क्रय केंद्रों पर नहीं बेच सकेंगे। इसके अलावा खाद, बीज, कीटनाशी वितरण के दौरान भी सरकार से दी जाने वाली सब्सिडी किसानों को नहीं मिल पाएगी। उन्होंने सचिव एवं लेखपाल को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि लेने वाले अपात्र लोगों को चिन्हित करने के भी निर्देश दिए। संबंधित लेखपाल को अगले दो दिनों में मिस मैचिंग के प्रकरण, अंश निर्धारण व न्यायालय से पारित आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए संबंधित किसानों से संपर्क करने के साथ ही उनकी सूची खंड विकास अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला कृषि अधिकारी सोम प्रकाश गुप्ता, खंड विकास अधिकारी फतेहपुर मंडाव, तहसीलदार मधुबन धर्मेंद्र पांडेय सहित अन्य संबंधित कर्मचारी एवं गांव के किसान उपस्थित रहे।