मधुबन थाना क्षेत्र के परसिया जयराम गिरी गांव में रविवार की दोपहर 12 बजे भूसा बनाने के दौरान मशीन से चिंगारी निकली और डंठल में आग लग गई। हादसे में आसपास स्थित कई किसानों की एक बीघे गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग की लपटें उठती देख किसान अपना अपना ट्रैक्टर लेकर खेत में उतरे और खेत जोतकर आग बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। लेकिन तेज हवा के कारण आग तेजी से 500 मीटर दूर तक फैल गई। उधर मजदूर पोखरे के पास लाकर मशीन से भूसा निकाले और पानी डालकर आग बुझाई। सूचना के एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और आग पर काबू पाया। सीएफओ के वर्मा ने बताया कि देवारा इलाका होने के कारण दमकल वाहन को जाने के लिए रास्ता नहीं मिल पा रहा था। बावजूद स्थानीय लोगों की मदद से टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि लू चलने के दौरान मशीन चलाने से बचें। तेज हवा और कड़ी धूप में कटाई न करें, क्योंकि इस समय आग लगने का जोखिम सबसे अधिक होता है। कंबाइन या भूसा मशीन से कटाई करते समय खेत के कोनों पर 100-100 लीटर के पानी से भरे ड्रम या टैंकर तैयार रखें। कटाई के दौरान खेत में बीड़ी, सिगरेट या माचिस का प्रयोग बिल्कुल न करें। कंबाइन हार्वेस्टर और भूसा बनाने वाली मशीनों में अग्निशामक यंत्र का होना अनिवार्य है।