मनमानी मीटर, जनता हलकान के नारे के साथ सोमवार को हिंदू जागरण मंच द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में स्मार्ट मीटर के विरोध में प्रदर्शन किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री को संबोधित पत्रक सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपकर जनहित में इसे हटाने की मांग की गई। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए हिंदू जागरण मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुजीत सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा स्मार्ट मीटर योजना को लागू करने का उद्देश्य भले ही बेहतर बिजली व्यवस्था प्रदान करना रहा हो। लेकिन जमीनी स्तर पर यह योजना आमजन के लिए परेशानी का सबक बन गई है, बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं की शिकायत है। स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली के बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के द्वारा हाल ही में प्रदेश के सभी जनपद में स्मार्ट मीटर लगाए जाने पर रोक लगाने के निर्णय का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया है और कहा कि मुख्यमंत्री जी ने जन भावनाओं का सम्मान किया है। साथ ही मांग की है कि जिन क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं अब उनकी उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और जब तक तकनीकी रिपोर्ट संतोषजनक ना आ जाए तब तक स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया जाएगा।वहीं रामकृष्ण भारद्वाज, अमित वर्मा ने कहा कि कई स्थानों पर स्मार्ट मीटर की गुणवत्ता बेहद खराब पाई गई है मीटर में तकनीकी खामियों की वजह से गलत रीडिंग आ रही है जिससे उपभोक्ताओं को गलत बिल का भुगतान करना पड़ा है।इस मौके पर बृजेश सिंह पटेल, रवि गुप्ता, आर्यन सिंह ,गुड्डू सोनकर, आदित्य रंजन सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।