ब्राह्मण विकास परिषद जनपद मऊ के तत्वावधान में शुक्रवार को परिषद के संरक्षक रामजी उपाध्याय के नेतृत्व में 200 सदस्य जिलाधिकारी कार्यालय पर पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित पत्रक सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। सौंपे गए पत्रक में रामजी उपाध्याय ने बताया कि मध्य प्रदेश के आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा द्वारा ब्राह्मण समाज के कन्याओं के लिए जो अभद्र टिप्पणी की गई है, वह बहुत ही निंदनीय है। वहीं परिषद के अध्यक्ष ऋषिकेश पांडेय ने कहा कि एक संगठन के प्रांतीय सम्मेलन में उनके द्वारा जो समाज विरोधी बयान दिया गया था। उसकी हम निंदा करते हैं, जिससे पूरा ब्राह्मण समुदाय बहुत ही आंदोलित एवं मर्माहत है। वहीं परिषद के महामंत्री संजय कुमार त्रिपाठी ने कहा कि संतोष वर्मा के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज हो और उचित दंडात्मक कार्रवाई करते हुए सेवा से बर्खास्त किया जाए। इसी क्रम में अखिलेश तिवारी ने बताया कि ऐसे अधिकारियों को समाज में रहने का कोई हक ही नहीं है जो सामाजिक एकता और अखंडता को तोड़ते हैं। इस अवसर पर विजय शंकर तिवारी, अमरनाथ मिश्रा, राकेश कुमार तिवारी, ईश्वर चंद्र त्रिपाठी, सुनील दुबे, सुरेंद्रनाथ चौबे, राकेश कुमार मिश्रा, ब्रह्म प्रकाश तिवारी, निशाकांत मिश्र, शुभम तिवारी प्रवीण सहित समाज के अन्य लोग उपस्थित रहे।