मधुबन थाना क्षेत्र के कोल्हुआ गांव के पास मंगलवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद चालक बस लेकर वहां से भाग गया, ये पूरी घटना वहां पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना मिलते ही ग्रामीण वहां पहुंचे और शव रखकर सड़क जाम कर दी। दोहरिघाट थाना क्षेत्र के जमुनीपुर निवासी अनिल राजभर (30) मंगलवार की दोपहर बाइक लेकर दरगाह बाजार जा रहे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे मधुबन-दोहरीघाट मार्ग पर कोल्हुआ गांव के पास पहुंचा था कि मधुबन की तरफ से आ रही बेल्थरारोड डिपो की बस ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक कुछ दूर जा गिरी, राहगीर जब तक रोकवाते चालक बस लेकर वहां से भाग गया। राहगीरों एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। जब तक पुलिस वहां पहुंचती अनिल की मौत हो चुकी थी। कुछ देर बाद रोते बिलखते परिजन और ग्रामीण भी पहुंच गए। पुलिस ने जाम हटाकर शव कब्जे में लेना चाहा, लेकिन ग्रामीण चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए और शव को बीचोबीच रखकर सड़क जाम कर दिया। शाम को चार बजे तक सड़क जाम रही, दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।