गाजीपुर के गहमर कोतवाली क्षेत्र के खेलूराय पट्टी में बीते 24 दिसंबर को हुए हत्याकांड के मामले में दो युवकों का शव तो पोखरे से बीते 25 दिसंबर को मिल गया था। जबकि तीसरे युवक अंकित सिंह का अब तक पता न चलने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। शनिवार को अंकित के परिजनों के साथ ग्रामीण दोपहर 12.30 बजे गहमर थाने पहुंचे और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। अंकित की मां नीलम ने कहा कि घटना के तीन दिन हो गए, लेकिन अब पुत्र का कहीं पता नहीं चला। एसडीआरआएफ की टीम पोखरे में तलाश करती रही, लेकिन पुत्र नहीं मिला। पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। धरने पर मौजूद ग्रामीणों ने आरोप था कि हाफ एनकाउंटर दिखाकर सच्चाई को दबाने का प्रयास कर रही है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण उच्चाधिकारियों से मौके पर पहुंचकर बातचीत करने की मांग पर अड़े रहे। कोतवाली प्रभारी और क्षेत्राधिकारी द्वारा बार-बार समझाने के प्रयास के बावजूद भी लोग शांत होने को तैयार नहीं हुए और धरना जारी रखा। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक लापता युवक अंकित का पता नहीं लगाया जाता और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, तबतक उनका आंदोलन जारी रहेगा।