मथुरा में सोमवार को हुई बारिश ने नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। कुछ ही देर की बारिश के बाद शहर के कई प्रमुख मार्ग जलमग्न हो गए, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। भूतेश्वर अंडरपास, कंकाली रोड, बीएसए रोड, छत्ता बाजार और होली गेट समेत कई क्षेत्रों में जलभराव के कारण यातायात प्रभावित रहा। भूतेश्वर अंडरपास में पानी भर जाने से कई वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए। वाहन चालकों को अपने दोपहिया और चार पहिया वाहनों को धक्का लगाकर बाहर निकालना पड़ा। वहीं कंकाली रोड पर घुटनों तक भरे पानी के बीच राहगीरों को बच्चों को पीठ पर लादकर और गोद में उठाकर सड़क पार करनी पड़ी। उधर, बीएसए रोड और श्रीजी बाबा आश्रम रोड पर जलभराव के कारण यातायात धीमा पड़ गया और लंबा जाम लग गया। घंटों तक वाहन रेंगते रहे, जिससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी देर हुई। बारिश के बाद शहर के प्रमुख मार्गों पर हुए जलभराव ने एक बार फिर जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।