चौमुहां (मथुरा)। थाना जैत क्षेत्र में मथुरा-दिल्ली हाईवे पर सर्वोदय इंटर कॉलेज के सामने बुधवार रात करीब एक बजे बड़ा हादसा हो गया। हाईवे से गुजर रहा बिना बॉडी का नया आइशर ट्रक चेसिस अनियंत्रित होकर दूसरे रोड पर पहुंच गया और कारों की वर्कशॉप से जा टकराया। हादसे में पांच गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके बाद ट्रक चेसिस पेड़ से टकरा गया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब एक बजे नया आइशर ट्रक चेसिस मथुरा-दिल्ली हाईवे से गुजर रहा था। सर्वोदय इंटर कॉलेज के सामने अचानक ट्रक चेसिस अनियंत्रित हो गया और हाईवे से दूसरे रोड पर आ गया। इसके बाद वह कारों की वर्कशॉप में जा घुसा। ट्रक की टक्कर से वहां पांच गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। फिर ट्रक चेसिस पेड़ से टकरा गया। हादसे में चालक अजय (30) पुत्र हरचरन निवासी छतारी, थाना औंछा, जिला मैनपुरी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हेल्पर मंजेश पुत्र राधेश्याम गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक अजय प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल मंजेश को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने की कार्रवाई की गई। पुलिस ने मृतक व घायल के परिजनों को सूचना दे दी।