मथुरा में आगरा-दिल्ली हाईवे पर कस्बा फरह में बने सर्विस रोड पर जलभराव के कारण एक पत्थरों से भरी ट्रैक्टर ट्राली वहां से गुजरती कार के ऊपर पलट गई। हादसे में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। कार चालक घायल हो गया। गांव पींगरी निवासी पिंटू अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली में पत्थर भरकर फरह के सर्विस रोड से अपने घर जा रहा था। ट्रैक्टर फरह हाईवे स्थित स्टेट बैंक के पास से गुजर रहा था। यहां जलभराव होने के चलते ट्राली का पहिया गड्ढे में फंस गया। ठीक उसी समय दौलतपुर निवासी प्रमोद अपनी कार से आगरा की ओर जा रहे थे। अनियंत्रित ट्राॅली और उसमें रखे पत्थर कार के ऊपर गिर गये। जिसमें कार चालक प्रमोद घायल हो गया। जेसीबी की मदद से ट्रॉली और कार को वहां से निकाला गया। गौरतलब है कि यहां सर्विस रोड पर पानी का निकास न होने से यहां गड्ढे हो गये हैं। इसके चलते आए दिन वाहन चालक चोटिल होते रहते हैं। स्थानीय लोगों ने एनएचएआई से सर्विस रोड की मरम्मत कराने की मांग की है।