मथुरा के बेसिक शिक्षा परिषद की 39वीं मंडलीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन मंगलवार को स्व. मोहन पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम गणेशरा में हुआ। इसमें मथुरा के साथ ही आगरा, मैनपुरी और फिरोजाबाद की टीमों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष चौ. किशन सिंह रहे। अध्यक्षता मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (एडी बेसिक) ऐश्वर्या लक्ष्मी ने की। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतियोगिता को देखकर उन्हें अपना बचपन याद आ गई। स्वस्थ मस्तिष्क व सुडौल शरीर के लिए खेल आवश्यक है। एडी बेसिक ऐश्वर्या लक्ष्मी ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में अब पढ़ाई के साथ खेलों पर भी ध्यान दिया जा रहा है। बीएसए सुनील दत्त ने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है, वो दिन दूर नहीं जब ओलंपिक खेलों में भी परिषदीय विद्यालयों के बच्चे परचम लहराएंगे। इस दौरान 600 मीटर, 400 मीटर व 100 मीटर दौड़ के साथ भाला फेंक, गोला फेंक, लंबी कूद, कुश्ती, खो-खो, ऊंची कूद, बैडमिंटन की प्रतियोगिता हुई।