मथुरा के थाना रिफाइनरी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दर्दनाक हादसा हुआ। ट्रक ने स्कूटी सवार को राैंद दिया। युवक की माैके पर ही माैत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मथुरा के अर्जुनपुरा निवासी 30 वर्षीय सोनम उर्फ सोनू अपने मालिक के साथ डुप्लीकेट चांदी (गिल्ट) लेकर आगरा से मथुरा लौट रहा था। घटना के समय मालिक आगे चल रहा था, जबकि सोनम पीछे स्कूटी से आ रहा था। जैसे ही सोनम बाद रेलवे पुल के पास पहुंचा, तभी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सोनम उर्फ सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा करीब रात सवा 9 बजे हुआ। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अजय वर्मा टीम सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए स्कूटी पर रखी डुप्लीकेट चांदी को सुरक्षित कब्जे में लेकर उसके मालिक के सुपुर्द कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी भेजा। हादसे में शामिल ट्रक को कब्जे में लेकर थाना परिसर में खड़ा करा दिया गया है।