मथुरा के छाता कस्बे के शेरगढ़ चौराहे के समीप शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में स्कूल बस और पिकअप की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे की चपेट में आने से पीछे चल रहा एक डिलीवरी बॉय भी अपनी बाइक समेत पिकअप में जा घुसा। दुर्घटना में एक स्कूली छात्र सहित कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का शीशा टूट गया। पिकअप के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए, पिकअप में चालक बुरी तरह फंस गया। वहीं बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद माैके पर स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर पिकअप के केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक स्कूल बस छाता से शेरगढ़ की ओर जा रही थी, जबकि विपरीत दिशा से यानी शेरगढ़ की तरफ से एक पिकअप छाता की ओर आ रही थी। शेरगढ़ चौराहे के पास दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।