छाता (मथुरा)। संस्कृति विश्वविद्यालय के छात्र विपिन हत्याकांड का थाना छाता पुलिस और सर्विलांस टीम ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है। उनके कब्जे से दो तमंचे .315 बोर, कारतूस, खोखे, हत्या में प्रयुक्त बांका और मारुति स्विफ्ट कार बरामद की गई है। वहीं, मामले में फरार तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने एक महिला आरोपी को भी उसके घर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, नीमगांव निवासी विपिन (20) चार अगस्त को दोपहर करीब तीन बजे मोटरसाइकिल से संस्कृति विश्वविद्यालय जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन विश्वविद्यालय नहीं पहुंचा। परिजनों की ओर से थाना छाता में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। तलाश के दौरान पांच अगस्त को जैंत थाना क्षेत्र के धौरेरा के जंगल में एक खंडहरनुमा कोठरी में विपिन का शव मिला था। उसकी गला रेतकर हत्या की गई थी। मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस को आरोपियों के संबंध में अहम सुराग मिले। पुलिस के मुताबिक सात अगस्त की रात करीब 11:55 बजे गोवर्धन-छाता मार्ग पर रनवारी गांव से करीब एक किलोमीटर पहले रेडीमेड चारदीवारी वाले प्लॉटों के पास पुलिस ने स्विफ्ट कार को घेर लिया। पुलिस का दावा है कि इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में विक्रम निवासी गोवर्धन और अमन निवासी राधाकुंड घायल हो गए। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से तेजपाल उर्फ नेहनू निवासी राधाकुंड फरार हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे .315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, पांच खोखे, हत्या में प्रयुक्त बांका और स्विफ्ट कार बरामद की है। पुलिस के अनुसार, हत्या की घटना में प्रयुक्त हथियार और वाहन बरामद होने पर मुकदमे में बीएनएस की धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। मुठभेड़ के संबंध में भी आरोपियों के खिलाफ अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में वांछित महिला आरोपी को आठ अगस्त की सुबह करीब 7:20 बजे उसके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस उससे पूछताछ कर हत्या में उसकी भूमिका के संबंध में जानकारी जुटा रही है। फरार आरोपी तेजपाल उर्फ नेहनू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अमन के खिलाफ हत्या और मुठभेड़ के मुकदमों के अलावा छाता, गोवर्धन और गोविंदनगर थानों में मारपीट, पुलिसकर्मियों से अभद्रता, बलवा, सरकारी संपत्ति को नुकसान समेत कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं विक्रम के खिलाफ हत्या और मुठभेड़ से संबंधित मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी छाता चंद त्रिपाठी, निरीक्षक बिजेंद्र पाल सिंह राणा, उपनिरीक्षक जय सिंह, अंकित मलिक, अंशुमान सिंह विश्नोई, अतर सिंह तथा सर्विलांस टीम के उपनिरीक्षक विकास, परविंद्र सिंह सहित थाना जैत और छाता के पुलिसकर्मी शामिल रहे।