दिल्ली से कोटा जा रही जनशताब्दी ट्रेन में बम होने की सूचना से बृहस्पतिवार दोपहर रेल प्रशासन और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी के साथ बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचा। जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 7 पर ट्रेन को खाली कराकर करीब एक घंटे तक सघन तलाशी ली गई। जांच के बाद सूचना फर्जी पाई गई, तब जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली और ट्रेन को रवाना किया गया। जानकारी के अनुसार दोपहर 2:05 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि दिल्ली–कोटा जनशताब्दी ट्रेन संख्या 12060 में बम रखा है। यह सूचना ट्रेन के टीटी ने 139 पर कॉल कर दी थी। ट्रेन 2:25 बजे मथुरा जंक्शन पहुंची, लेकिन उससे पहले ही सुरक्षा बल ट्रेन में सवार हो चुके थे।